लखनऊ। बहराइच के कैसरगंज स्थित नोहरी कला गांव निवासी चंदन सोनी ने पत्नी सरिता और दो बेटों के साथ बृहस्पतिवार दोपहर विधानभवन के गेट नंबर-3 के बाहर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। वहां मौजूद आत्मदाह निरोधक टीम ने सभी को पकड़ लिया और हजरतगंज थाने ले गई। चंदन ने सौतेली मां पर पैतृक जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
इंस्पेक्टर हजरतगंज शिवानंद मिश्र के मुताबिक चंदन ने बताया कि वर्ष 1999 में मां की मृत्यु के बाद वर्ष 2000 में पिता ने दूसरा विवाह कर लिया था। चंदन का आरोप है कि 18 फरवरी को पिता की मृत्यु के बाद उसकी सौतेली मां ने उसकी मां के नाम का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर पैतृक जमीन पर कब्जा कर लिया। अधिकारियों से शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर वह परिवार के साथ आत्मदाह करने पहुंच गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि बहराइच पुलिस को सूचना दे दी गई है। दंपती और बच्चों को बहराइच पुलिस अपने साथ ले जाएगी।