सगे चाचा ने की ऐसी गंदी हरकत, किसी को भी आ जाए शर्म
मड़ियांव के एकतापुरम निवासी एक महिला ने सगे चाचा पर दुष्कर्म की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता सीतापुर में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी चाचा प्रॉपर्टी डीलर है और थाने के एक दरोगा की साठगांठ के चलते दो महीने तक उसे थाने से टरकाया जाता रहा।
प्रभारी निरीक्षक ने जांच उसी आरोपी दरोगा को सौंप दी है। महिला ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि विवेचना दूसरे थाने में स्थानांतरित की जाए।
आरोप है कि केशवनगर चौकी प्रभारी उसके चाचा के साथ प्रॉपर्टी का काम करता है। पीड़िता ने बताया कि 15 अगस्त को वह पति संग सामाजिक स्थल धर्मोदय बुद्ध विहार पुरनिया गई थी।
वहां आरोपी ने पति से बदसुलूकी की। पीड़िता ने विरोध किया तो उसका गला दबाकर मारने की कोशिश के साथ छेड़छाड़ की।
मामले की तहरीर केशवनगर चौकी में दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। 21 अगस्त को आरोपी कार्यालय आ धमका और बदसुलूकी के साथ जान से मारने की कोशिश की।
पीड़िता ने कोतवाली सीतापुर में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पीड़िता ने मड़ियांव थाने के कई बार चक्कर लगाए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उधर, आरोपी चाचा उसे लगातार धमकाता रहा।
महिला आयोग और प्रमुख सचिव गृह से की शिकायत
पीड़िता का आरोप है कि उसने एसएसपी कार्यालय से लेकर सभी उच्चाधिकारियों के दरवाजे पर दस्तक दी। हर जगह से मुकदमा दर्ज करने का आदेश होता, लेकिन केशवनगर में तैनात चौकी प्रभारी हर आदेश की कॉपी आरोपी को उपलब्ध करा देता था। पीड़िता ने महिला आयोग और प्रमुख सचिव गृह से पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। आलाधिकारियों से आदेश मिलने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी को फटकार लगाई। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया।