लखनऊ। सेवानिवृत्त आईएएस ने छह लोगों के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने मकान पर कब्जा करने का प्रयास और एक करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।
गोमतीनगर के विशाल खंड-4 निवासी सेवानिवृत्त आईएएस मनमोहन चौधरी के अनुसार, गोमतीनगर विस्तार सेक्टर-4 में उनकी पत्नी के नाम से मकान है। दिसंबर 2024 में मकान के एक हिस्से को आजमगढ़ निवासी मो. असद ने डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया था। किरायेदारी का एग्रीमेंट पांच वर्ष का था। असद धीरे-धीरे किराया देने में आनाकानी करने लगा। 23 अगस्त को वह पत्नी, आर्किटेक्ट विनोद कुमार वर्मा व दोस्त अविनाश सिंह के साथ अपने मकान पर पहुंचे। तभी मो. असद, आर्यन सिंह, डाॅ. सलीम इकलाख और दो बाउंसर आ धमके। आरोपी उनसे गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर आरोपियों ने उन्हें अगवा करने की धमकी दी। इस पर उन्होंने असद के साथ किए गए एग्रीमेंट को रद्द कर दिया।
इससे नाराज होकर आरोपी व उसके एक और साथी अजय ने 29 सितंबर को जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-7 के पास उन्हें रोक लिया। आरोपी उन पर दोबारा एग्रीमेंट करने का दबाव बनाने लगे। एग्रीमेंट न करने पर एक करोड़ रुपये की मांग की। इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।