लखनऊ विधानसभा के सामने शनिवार को चित्रकूट निवासी एक व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे सड़क पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने किसी तरह उसे काबू में किया तो उसने अपनी समस्याएं बताईं। उसका आरोप है कि चित्रकूट में उसके ही स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। इस घटना से काफी देर तक सड़क पर जाम लगा रहा।
चित्रकूट के शंकर बाजार कर्वी निवासी फूलचंद्र यादव ने बताया कि वह ज्ञान भारती इंटर कॉलेज का प्रबंधक है। इस स्कूल की स्थापना उसके पिता रामसिया यादव ने 1985 में की थी। उसका कहना है कि स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य शिवलाल 2017 में रिटायर हो चुके हैं। अब स्कूल के छात्र-छात्राओं की फीस फर्जी तरीके से अपने निजी खाते में जमा करा रहे हैं। आरोप है कि छोटेलाल निवासी ग्राम इटरौल भीखमपुर, को स्कूल का फर्जी प्रधानाचार्य बनाकर लाखों रुपये फीस हड़पी जा रही है।
फूलचंद्र ने बताया कि उसने मामले की शिकायत कई बार आला-अधिकारियों से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि ये लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ जालसाजी के कई मुकदमे भी दर्ज हैं, फिर भी पुलिस मामले की जांच नहीं कर रही है। पीड़ित ने कहा कि आरोपी उसे जानमाल की धमकी दे रहे हैं। उसने सीएम से मामले में जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।