लखनऊ। टिंबर व्यापारी पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पकड़ने काकोरी पुलिस रविवार को मलिहाबाद पहुंची। पुलिस को देख आरोपी ने मामले के विवेचक दरोगा को कुचलने का प्रयास किया और जीप में टक्कर मार कर वहां से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, हादसे में घायल दरोगा को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। दरोगा ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर सतीश ने बताया कि मलिहाबाद के नवीनगर निवासी अभिषेक राजपूत ने 21 जुलाई को काकोरी में टिंबर व्यापारी जितेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी व उसके दो साथियों की तलाश कर रही थी। रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक अपनी एसयूवी के साथ मलिहाबाद के हरदोईया लाल नगर गांव में मौजूद है। मौके पर पहुंची पुलिस की दो टीमों ने आरोपी को घेर लिया। एसयूवी में अभिषेक व उसका मौसेरा भाई दीपक भी मौजूद था। अपने सामने विवेचक दरोगा अमित चौधरी को खड़ा देख आरोपी ने एसयूवी स्टार्ट कर दी और दरोगा पर चढ़ा दी और फिर उनकी कार में टक्कर मार कर भागने लगा। हादसे में घायल दरोगा को पुलिस ने आनन-फानन
अस्पताल पहुंचाया।
पांच किलोमीटर दौड़ाई कार, जंगल में घुसा आरोपी : इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने आरोपी का दूर तक पीछा किया। करीब पांच किलोमीटर एसयूवी दौड़ाने के बाद आरोपी रुक गया और जंगल में जा घुसा। काफी खोजबीन के बाद भी आरोपी नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी अभिषेक के मौसेरे भाई दीपक को हिरासत में ले लिया है।