निगोहां। निगोहां इलाके में मंगलवार रात वन विभाग की टीम ने बिना अनुमति पेड़ काटते हुए एक व्यक्ति को लोडर के साथ पकड़ा और वन विभाग चौकी ले गए। कुछ देर बाद करीब 12 से अधिक लोगों ने चौकी पर धावा बोलकर बीट प्रभारी रामसुचित को पीटकर आरोपी छुड़ा ले गए। उन्होंने 12 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
वन विभाग मोहनलालगंज रेंज निगोहां के बीट प्रभारी रामसुचित ने बताया कि जबरौली स्थित वन विभाग के जंगल में लकड़ी चोरी से काटकर हाफ डाले में लोड होने की सूचना मिली थी। वन विभाग की टीम पहुंची तो एक व्यक्ति को पकड़ा गया। वन विभाग की टीम आरोपी और लोडर को लेकर वन विभाग चौकी जाने लगी।
रास्ते में हरवंशखेड़ा तिराहे पर दो बाइक सवार अज्ञात लोगों ने वन विभाग की टीम को रोक लिया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। विरोध पर आरोपी बाइक छोड़कर भाग गए। टीम आरोपी, लोडर व दोनों बाइक को लेकर चौकी आ गई। कुछ ही देर के बाद 12 से 15 लोग चौकी पहुंचे और अभद्रता करने लगे।
बीट प्रभारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट की और पकड़े गए आरोपी को अपने साथ ले गए। बीट प्रभारी रामसुचित (वन रक्षक) ने निगोहां थाने में केस दर्ज कराया है। एसओ निगोहां अनुज तिवारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।