मलिहाबाद। मलिहाबाद के ढकवा गांव निवासी चांदनी ने पति पिंकू पर ब्लेड से गले पर हमला करने का आरोप लगाया है। आरोपी ने डॉक्टर बुलाकर पत्नी को इलाज भी कराया। वहीं, घायल पत्नी को कमरे में पांच दिन तक बंधक बनाए रखने का भी आरोप है। पीड़िता क तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर रविवार को आरोपी पिंकू को गिरफ्तार कर लिया है।
चांदनी के मुताबिक चार अगस्त की रात लगभग दस बजे पति ने बेवजह मारा-पीटा और विरोध करने पर हत्या के इरादे से उनके गले पर ब्लेड से वार कर दिया। उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया तो पिंकू ने उनका मुंह दबा दिया और डॉक्टर को बुलाकर गले पर टांके लगवा दिए। घटना के बाद आरोपी ने चांदनी को कमरे में बंद कर दिया। आठ अगस्त दोपहर वह किसी तरह कमरे से बाहर निकली और थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।