लखनऊ। सड़क पर कुत्तों को खाना खिलाने से नाराज कुछ लोगों ने विभूति खंड के रेसा गांव में ओमेक्स हाईट्स निवासी कोमल अग्रवाल और उनके चार साथियों पर हमला बोल दिया। इसमें दो लोगों के सिर पर गंभीर चोट आई है।
आरोपियों ने कार में भी तोड़फोड़ की। कोमल की तहरीर पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और एफआईआर की जगह एनसीआर में रिपोर्ट लिखी।
कोमल ने बताया कि वह साथी सिद्धार्थ सिंह व तीन अन्य सहयोगियों के साथ रात में बेजुबान जानवरों को खाना खिलाती हैं। सोमवार रात भी वे लोग रेसा गांव में कुत्तों को खाना खिलाने गए थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया। एक कार के शीशे तोड़ दिए।
पुलिस को बुलाने पर भी आरोपियों ने अभद्रता की। पीड़ितों ने पुलिस को वीडियो और फोटो उपलब्ध कराए हैं। इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील कुमार के मुताबिक तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही होगी।