विधायक के घर के बाहर हुआ हंगामा।
- फोटो : अमर उजाला।
अमेठी में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद सपा विधायक महाराजी देवी के आवास पर मंगलवार रात हंगामा हो गया। कई वाहनों से पहुंचे लोगों पर गालीगलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर रातभर आरोपियों की तलाश में दबिश दी। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक आवास पर रात करीब आठ बजे दो स्कॉर्पियो और कई मोटरसाइकिलों से सवार होकर पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि घर के बाहर मौजूद लोगों के साथ अभद्रता की गई। विरोध करने पर विधायक के भतीजे और घर में काम करने वाले लोगों की पिटाई कर दी गई। परिवार को जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी वहां से चले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर अमेठी कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद विधायक समर्थकों में नाराजगी दिखी और देर रात तक आवास पर लोगों की भीड़ लगी रही।
सपा विधायक महाराजी देवी के आवास पर मंगलवार रात हुए हंगामे के बाद बुधवार को बाहर सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन अंदर हलचल तेज रही। विधायक पुत्र अनुराग प्रजापति दिनभर समर्थकों संग बंद कमरे में घटना को लेकर चर्चा और आगे की रणनीति बनाने में जुटे रहे।
आवास के बाहर समर्थकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी बनी रही। अनुराग प्रजापति ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना के समय विधायक महाराजी देवी लखनऊ में थीं और अभी वहीं हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगी।
इसके बाद अमेठी पहुंचकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। इधर, घटना को लेकर जिले का राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। चर्चा है कि समर्थक बड़ी संख्या में जुटकर अमेठी कोतवाली का घेराव कर सकते हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।