लखनऊ। पीजीआई के वृंदावन सेक्टर 12 निवासी कारोबारी जगजीत सिंह ने पड़ोसी सोनू सिंह, सनी चौहान व अज्ञात लोगों पर मामूली विवाद में उन पर व परिवार पर हमला करने का आरोप लगाया है। पीजीआई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धारदार हथियार से गंभीर चोट पहुंचाने व अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी सोनू और सनी को गिरफ्तार कर लिया है।
जगजीत बालू मौरंग का कारोबार करते हैं। उनके मुताबिक सोमवार शाम उनकी गाय सड़क की दूसरी तरफ जा रही थी। तभी पास से निकल रहे सोनू के रिश्तेदार की बाइक गाय के गले में बंधी रस्सी में फंस गई। बाइक गिरने पर रिश्तेदार घायल हो गया था। कारोबारी का आरोप है कि इस बात से आक्रोशित सोनू साथी सनी के साथ एसयूवी से उनके दफ्तर उसी शाम करीब पांच आ धमका।आरोपियों ने धारदार हथियार से दफ्तर में मौजूद पिता करनैल सिंह और चाचा अवध बिहारी सिंह पर हमला कर दिया। मामले की जानकारी होने पर जब जगजीत, चचेरे भाई गुरलाल सिंह और हरपाल सिंह बीच बचाव करने पहुंचे तो दोनों ने अपने अज्ञात साथियों को भी बुला लिया। सभी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में गुरलाल सिंह के दाएं हाथ की दो अंगुलियां कट गईं। लोगों ने गुरलाल को अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक भागे चल रहे आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।