रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे एआरटीओ आलोक कुमार
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में शनिवार को बाइक सवार दर्जनभर दबंगों ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) पर ईंट व पत्थर से जानलेवा हमला बोल दिया।
एआरटीओ का चालक उन्हें बचाने के लिए वाहन लेकर थाने की ओर भागा तो बदमाशों ने दो किमी तक पीछा कर दोबारा पथराव किया। इससे एआरटीओ का वाहन का सामने एवं साइड का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
हमले में बाल-बाल बचे एआरटीओ ने मड़ियांव थाने पहुंच कर केस दर्ज कराया। साथ ही हमले की जानकारी डीएम एवं एसएसपी को भी दी।
लखनऊ संभाग के चेकिंग दस्ता थर्ड के एआरटीओ आलोक कुमार अपराह्न करीब तीन बजे बीकेटी से जांच करके लखनऊ की तरफ वापस लौट रहे थे। एआरटीओ की बोलेरो सीतापुर रोड के फौजी ढाबा के पास पहुंची थी कि 10-12 मोटर साइकिल सवार दबंग युवकों ने पथराव कर दिया। ड्राइवर वाहन लेकर भागा तो बाइक सवारों ने पीछा कर लिया।