रक्षा की गोपनीय सूचनाएं व अतिसंवेदनशील दस्तावेज लीक करने के आरोप में गिरफ्तार नागपुर स्थित ब्रह्मोस मिसाइल यूनिट के सिस्टम इंजीनियर निशांत अग्रवाल को एटीएस ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ ला रही है। यहां उससे पूछताछ के बाद 12 अक्तूबर को अदालत के समक्ष पेश किया जाना है।
एटीएस आरोपी इंजीनियर के निजी कंप्यूटर व लैपटॉप और मोबाइल से कई अतिगोपनीय व सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज व जानकारी हासिल कर चुकी है। निशांत के पाकिस्तान से संचालित हो रही दो महिलाओं के नाम की फेसबुक आईडी से निरंतर संपर्क में होने की पुष्टि हो चुकी है।
यूपी एटीएस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक निशांत ने कितनी और किस करह की सूचनाएं लीक की हैं। इसके लिए जांच अधिकारी तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ले रहे हैं। एटीएस फोरेंसिक लैब के विशेषज्ञों को निशांत का लैपटॉप व कंप्यूटर जांच को दे रही है ताकि लीक डाटा की सही जानकारी मिल सके।
रिमांड मिलने के बाद एटीएस लखनऊ में उससे यह पूछताछ करेगी कि उसका यूपी में क्या नेटवर्क है। उससे यह भी पूछा जाना है कि गोपनीय सूचना लीक करने में क्या उसके कार्यालय का कोई और भी सहयोगी शामिल है। इस बीच निशांत की फेसबुक आईडी व पाक महिलाओं की आईडी में हुई चैट हिस्ट्री को रिकवर करने की कोशिश हो रही है।