भाजपा के गठन के बाद अटलजी लखनऊ संसदीय क्षेत्र से पांचवीं बार लोकसभा चुनाव में हिस्सेदारी को नामांकन पर्चा दाखिल करने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएम कोर्ट कक्ष संख्या 19 पहुंचे थे। इससे पहले भी उन्होंने लखनऊ से लोकसभा चुनाव में हिस्सेदारी को नामांकन किया, लेकिन तब पर्चा जनसंघ या बतौर निर्दलीय किया।
अटलजी ने लखनऊ सीट के लिए 91 में कलेक्ट्रेट में पर्चा दाखिल किया। पांच साल सांसद रहने के बाद वर्ष 1996, 1998 और 1999 में हुए मध्यावधि चुनाव में भी उन्होंने बतौर भाजपा प्रत्याशी कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या 19 में पर्चा दाखिल किया।
अंतिम बार अप्रैल 2004 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान लखनऊ संसदीय सीट से बतौर भाजपा प्रत्याशी अटलजी नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे थे। जानकार बताते हैं कि तात्कालिक डीएम आराधना शुक्ला के समक्ष अटलजी ने नामांकन पर्चा दो सेट में दाखिल किया।
लालजी टंडन, शिवकुमार इत्यादि संग पहुंचे अटलजी के लिए बतौर पूर्व प्रधानमंत्री के प्रोटोकाल के तहत प्रशासन ने एडीएम ट्रांस गोमती के कार्यालय कक्ष को सुरक्षित जोन में तब्दील कर नामांकन से पहले बैठाने व सुस्ताने की व्यवस्था की थी।