भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन इस बार राजधानी में अलग अंदाज में मनाया जाएगा। 25 दिसंबर को उनके जन्मदिवस पर उनके कवि रूप को याद किया जाएगा। ‘हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पे लिखता मिटाता हूं, गीत नया गाता हूं...’ सरीखे गीतों को ‘अटल गीत गंगा’ समारोह में फिल्मी कलाकारों से प्रस्तुति कराकर यादगार बनाया जाएगा।
मुंबई की संस्था दीप कमल फाउंडेशन की ओर से भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर 25 दिसंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘अटल गीत गंगा’ समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फिल्मी कलाकार अटलजी की कविताओं की प्रस्तुतियां करेंगे।
प्रसिद्ध अभिनेता राजपाल यादव, भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार रवि किशन, हिंदी फिल्मों की अभिनेत्री व डायरेक्टर नीतू चंद्रा, सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी, सावधान इंडिया के प्रस्तोता सुशांत सिंह, रंगकर्मी और अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी कविताओं की प्रस्तुति के लिए समारोह में भाग लेंगे।