लखनऊ। गुडंबा निवासी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रद्धा चंद्रा ने गोमतीनगर विस्तार थाने में चार लोगों के खिलाफ सात लाख रुपये ठगने की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपियों ने बीमा पॉलिसी में निवेश के नाम पर ठगी की थी।
श्रीरम आश्रम कैंपस में रहने वालीं डॉ. श्रद्धा लोक प्रशासन विभाग में कार्यरत हैं। श्रद्धा के मुताबिक उनकी बेटी गोमतीनगर विस्तार स्थित निजी स्कूल में पढ़ती है। कुछ समय पहले उनकी मुलाकात बेटी की अयोध्या के वजीरगंज निवासी सहेली की मां सोनाली मिश्रा से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर उसका घर आना-जाना शुरू हो गया था। एक दिन सोनाली ने उनसे कहा कि उसके पति प्रदीप मिश्रा मैक्स लाइफ इंश्योरेंस में काम करते हैं। वह भी बीमा पॉलिसी में निवेश करें तो मुनाफा होगा। पीड़िता के हामी भरने पर प्रदीप ने उनकी मुलाकात तुषार से कराई, जिसने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया। आरोपी की बातों में फंसकर डॉ. श्रद्धा ने सात लाख रुपये निवेश कर दिए। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद पता चला कि ठगों ने उनकी रकम निवेश नहीं की, बल्कि खर्च कर दी है। विरोध पर तीनों आरोपियों के साथी प्रवीण सक्सेना ने धमकाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की तो सुनवाई नहीं हुई। उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया मामले की तफ्तीश की जा रही है।