अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सहायक बैंक मैनेजर की मौत
मलिहाबाद। माल में शुक्रवार शाम को आलमबाग की एलडीए कॉलोनी निवासी सहायक बैंक मैनेजर नितिन तिवारी (38) की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक भाग निकला।
इंस्पेक्टर नवाब अहमद के मुताबिक नितिन रहीमाबाद में बैंक ऑफ इंडिया की गहदो शाखा में तैनात थे। शुक्रवार को नितिन बैंक से काम निपटाकर बाइक से घर जा रहे थे। शाम 7:45 बजे गोपरामऊ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी माल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर के मुताबिक नितिन के परिजनों से संपर्क नहीं हो सका है। हादसे के वक्त नितिन हेलमेट पहने था या नहीं, इसकी भी जानकारी पुलिस को नहीं हो सकी।