लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर और लारी कार्डियोलॉजी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। शनिवार देर रात ट्रॉमा सेंटर के बाहर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। अस्पताल परिसर में दलालों की सक्रियता को लेकर भी शिकायतें बढ़ गई हैं।
वीडियो में कुछ युवकों को बेल्ट और डंडों से एक-दूसरे की पिटाई करते देखा गया। घटना के दौरान न तो पुलिस और न ही सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप किया। मरीजों और तीमारदारों का आरोप है कि अस्पताल के भीतर तक दलालों का नेटवर्क सक्रिय है। ये दलाल मरीजों को निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों की ओर मोड़ते हैं। लारी कार्डियोलॉजी स्थित एचआरएफ काउंटर के आसपास भी दलालों के बीच अक्सर विवाद होते हैं। सुरक्षाकर्मी निष्क्रिय रहते हैं, जिससे ऐसे तत्वों के हौसले बढ़ते हैं। अस्पताल में तैनात निजी सुरक्षा गार्डों का रोटेशन न होने से दलालों से उनकी नजदीकियां बढ़ जाती हैं। केजीएमयू के प्रवक्ता केके सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सुरक्षा गार्डों की रोटेशन व्यवस्था लागू करने पर निर्णय लिया जाएगा। इसके तहत गार्डों की ड्यूटी एक निश्चित अवधि के बाद बदली जाएगी। यह कदम सुरक्षा को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद करेगा।