बागपत की जेल में माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या करने वाले सुनील राठी के भाई अरविंद राठी को बाराबंकी जेल से लखनऊ जेल में शिफ्ट करने का फैसला किया गया है। जल्द ही उसे कड़ी सुरक्षा के बीच बाराबंकी से लखनऊ जेल में शिफ्ट किया जाएगा। कुछ ही दिन पहले उसे देवरिया से बाराबंकी जेल में शिफ्ट किया गया था।
मालूम हो कि 9 जुलाई को बागपत की जेल में पूर्वांचल के माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी को जेल के अंदर गोलियों से छलनी कर दिया गया था। इस मामले में सुनील राठी ने हत्या का जुर्म कुबूल किया था। बाद में जांच के दौरान पता चला था कि हत्या के समय सुनील का भाई अरविंद राठी व तीन अन्य लोग भी उसी बैरक के पास मौजूद थे।
बाद में प्रशासनिक आधार पर सुनील राठी को फतेहगढ़ जेल और अरविंद राठी को देवरिया जेल भेज दिया गया था। अरविंद राठी के परिजनों ने जेल के अंदर उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की थी, जिसके बाद शासन ने उसे देवरिया से बाराबंकी शिफ्ट कर दिया था।
सूत्रों का कहना है कि देवरिया जेल में बंद बाहुबली अतीक अहमद और अरविंद राठी के बीच 36 का आंकड़ा था। वहां के जिलाधिकारी ने अतीक को किसी अन्य जेल में स्थानांतरित करने के लिए शासन को पत्र भेजा था।
शासन ने अतीक के बजाए अरविंद राठी की ही जेल बदलने का फैसला किया था और उसे बाराबंकी शिफ्ट कर दिया गया था। अब उसे बाराबंकी से लखनऊ जेल में शिफ्ट करने का फैसला किया गया है।