सीबीआई दफ्तर में तीर से हमला, एएसआई घायल।
लखनऊ। हजरतगंज स्थित जुगल किशोर रोड पर सीबीआई दफ्तर में शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज घटना सामने आई। बिहार के मुंगेर निवासी दिनेश मुर्मू ने धनुष से तीर चलाकर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह को घायल कर दिया। तीर एएसआई के सीने में लगा। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्मचारियों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। हजरतगंज थाने में केस दर्ज कर दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि एएसआई वीरेंद्र सिंह लखनऊ पुलिस लाइन में तैनात हैं और सीबीआई दफ्तर की सुरक्षा में नियुक्त हैं। रोज की तरह शुक्रवार दोपहर वह गेट पर तैनात थे। इस बीच झोला लेकर दिनेश वहां पहुंचा और किनारे बैठ गया। एएसआई ने दफ्तर आने का कारण पूछा तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाहर जाने के लिए कहा तो दिनेश भड़क उठा और कुछ कदम चलने के बाद झोले से तीर धनुष निकाल कर एएसआई पर हमला कर दिया।
एसीपी विकास जायसवाल और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह सीबीआई दफ्तर पहुंचे। पुलिस आरोपी को थाने ले आई। धनुष और छह तीर बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। बताया जा रहा है कि दिनेश डेढ़ माह पहले भी सीबीआई दफ्तर आया था, लेकिन तब उसे वापस भेज दिया गया था। हालांकि, उसने दोबारा दफ्तर क्यों आने की कोशिश की, इसका स्पष्ट जवाब वह नहीं दे पा रहा है। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
आरोपी ने की थी रिश्वतखोरी की शिकायत
पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि दिनेश पूर्व में रेलवे में गैंगमैन था। उसने काफी साल पहले वाराणसी में तैनाती के दौरान रेलवे दरोगा पर 200 रुपये रिश्वत लेने की शिकायत सीबीआई की एंटी करप्शन टीम से की थी, जिसमें आरोपी दरोगा को सजा भी हुई थी।