माल। पुलिस ने छापा मारकर ब्रांडेड कंपनियों का लेबल लगाकर बेची जा रही चाय पत्ती समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से छह लाख रुपये की नकली चाय पत्ती व उत्पाद पुलिस ने बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी मौके से भाग निकला। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
कस्बे में लंबे समय से नामी गिरामी कम्पनियों के उत्पादों के लेबल लगाकर नकली चाय बेची जा रही थी। थानाध्यक्ष राम सिंह ने बताया कि विगत दो माह पहले कस्बे में बड़े पैमाने पर नकली उत्पादों के बिक्री होने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने इसकी पड़ताल के लिए टीम को लगाया। रविवार दोपहर सुराग लगाकर कस्बे के राजेश प्रजापति को 40 किलो खुली चाय की पत्ती व सैकड़ों पैकेट टाटा प्रीमियम टी व इसी ब्रांड के हजारों खाली रैपरों के साथ डाबर कम्पनी के लेबल में सैकड़ों शीशी नकली गुलाबरी व जेस्मिन पैराशूट हेयर ऑयल व बड़ी मात्रा में कच्चा माल के साथ ब्रांडेड कम्पनियों के स्टीकर व पैकिंग मशीन के साथ प्रयुक्त होने वाली सामग्री के साथ पकड़ लिया।
कंपनी ने माल की कीमत लगभग साढ़े छह लाख के पार बताई है। मुख्य आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी राजेश ने बताया कि हमें खुली सामग्री व रैपर देकर एक अनजान व्यक्ति देकर जाता था जिसे पैक कर हमें देना होता था। हम तो छोटी सी दुकान चलाते हैं, बाकी मुझे कुछ पता नहीं है। एसओ राम सिंह ने बताया कि इस मामले में कई लोग जुड़े हैं जिनकी तलाश की जा रही है जिन्हें भी जल्द दबोच लिया जाएगा।