लखनऊ। कैसरबाग के कैंट रोड स्थित ओडियन सिनेमा के पास शनिवार देर रात सड़क किनारे बने चबूतरे पर सोने के लिए दो लोगों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि कुमकुम (24) को रिक्शा चालक ने चाकू से गोद दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं वारदात के दो घंटे के अंदर आरोपी को दबोच लिया।
प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग आनंद प्रकाश शुक्ला के मुताबिक, फैजुल्लागंज निवासी कुमकुम रिक्शा चालक है। शनिवार देर रात करीब 12 बजे वह ओडियन सिनेमा के पास एक प्रिंटिंग प्रेस के बाहर चबूतरे पर सो रहा था। इस बीच दूसरा रिक्शा चालक मोहम्मद उर्फ गुड्डू पहुंचा। चबूतरे पर कुमकुम को सोता देख गुड्डू नाराज हो गया। वह गाली-गलौज करने लगा।
कुमकुम के विरोध पर उसे धक्का देकर चबूतरे से गिरा दिया। इसके बाद चाकू से उस पर ताबड़तोड़ कई वार किए। जब तक आसपास के लोग दौड़े, हमलवार भाग गया। प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग आनंद शुक्ला मौके पर पहुंचे और घायल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वारदात स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकाली गई जिसमें आरोपी मोहम्मद की करतूत सामने आई। पुलिस ने दबिश देकर दो घंटे के अंदर उसे दबोच लिया। उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।