माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। नई दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल(एएचआरआर) के अस्पताल प्रशासन विभाग की ओर से पहली बार सशस्त्र सेना राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें लखनऊ के सैन्य चिकित्सकों ने भी हिस्सा लिया।
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि शेप 2025: सतत अस्पताल वास्तुकला, योजना, अवसंरचना और उपकरण का सफलतापूर्वक आयोजन किया। अस्पताल प्रशासकों, डॉक्टरों, नर्सों, इंजीनियरों और वास्तुकारों सहित सशस्त्र बलों और नागरिक क्षेत्रों के 275 से अधिक विशेषज्ञ शामिल हुए। उद्घाटन सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा महानिदेशक सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन और एम्स के निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास ने किया। विकसित भारत@2047 एजेंडे के तहत आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक एकीकृत दृष्टिकोण तैयार करने हेतु सैन्य, नागरिक और निजी क्षेत्रों के हितधारकों को एक साथ लाया जाना रहा। कार्यक्रम में सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, आपदा-रोधी डिज़ाइन और शून्य-उत्सर्जन पर भी चर्चा हुई।