अर्जुनगंज में पीपीपी मॉडल पर संवरेगी सड़क
सुल्तानपुर रोड पर अर्जुनगंज इलाके में सड़क का सौंदर्यीकरण नगर निगम अब पीपीपी मॉडल पर कराएगा। निजी एजेंसी की मदद से यहां बैरिकेडिंग से लेकर फुटपाथ, बैठने के लिए बेंच व हरियाली की व्यवस्था कराई जाएगी। सड़क पर जमे पटरी दुकानदारों को भी व्यवस्थित करने के लिए जमीन की तलाश की जा रही है।
नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने बताया कि मरीमाता घंटीवाला मंदिर से शहीद पथ तक अर्जुनगंज होते हुए 3.5 किमी लंबे सेक्शन में सौंदर्यीकरण किया जाना है। नगर आयुक्त ने शुक्रवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया। मुख्य सड़क और फुटपाथ को बैरिकेड कर अलग कर दिया जाएगा। इससे ट्रैफिक का आवागमन बाधित नहीं हो। लोगों के बैठने के लिए बेंच से लेकर पार्किंग की व्यवस्था भी होगी। इसका फायदा यह होगा कि माल एवेन्यू से छावनी होते हुए एयरपोर्ट तक जाने के लिए बेहतर रास्ता तैयार होगा। वहीं बाहर से आने वाले लोग भी लखनऊ की एक अच्छी छवि देखेंगे।
फिलहाल पूरे इलाके में अराजकता
शहीद पथ चौराहा पर जहां दिन भर जाम के हालात बने रहते हैं। वहीं अर्जुनगंज में सड़क तक पर पटरी दुकानदार कब्जा जमाए रहते हैं। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर कब्जा कर रखा है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से लोग अपने वाहन भी सड़कों पर ही खड़े कर देते हैं। ऐसे में यहां से निकलना मुश्किल भरा होता है।