लखनऊ। कानपुर रोड स्थित दरोगा खेड़ा चौराहे के कट को बंद करने बृहस्पतिवार को पहुंचे एनएचएआई के अधिकारियों-कर्मचारियों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। चौराहा बंद होते देख लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों को सड़क पार करने का रास्ता खुला छोड़ना पड़ा और काम पूरा किए बिना लौटना पड़ा।
इस चौराहे से चंद्रशेखर आजाद नगर कॉलोनी, रनियापुर, दरोगा खेड़ा गांव और मीरानपुर पिनवट के लोगों का आवागमन होता है। अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जल्द शुरू होने वाला है, जिससे यहां वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी और कट के कारण हादसों की आशंका रहेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कट बंद होने से उन्हें एक किमी दूर जाकर घूमकर आना पड़ेगा। विरोध के चलते चौराहा पूरी तरह बंद नहीं किया जा सका, पर इसे संकरा कर दिया गया है। इससे आवागमन में दिक्कतें बढ़ गई हैं।