मलिहाबाद। रहीमाबाद के चांदपुर गांव के पास बुधवार देर रात एक बजे दुबग्गा के कटौली गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य राजू (30) घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े मिले। राहगीरों ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां राजू की मौत हो गई।
रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार के अनुसर, घटनास्थल की जांच करने पर पता चला कि राजू को लोगों ने पैदल टहलते देखा था। प्रथमदृष्टया अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका है। कटौली गांव के प्रधान नवीन यादव ने बताया कि राजू के पिता मेवालाल और मां का निधन हो चुका है। चार बहने विवाहित हैं। राजू अविवाहित थे। राजू के सिर में गंभीर चोटें थीं। चचेरे भाई दीपू ने बताया कि राजू भांजे आकाश की शादी में शामिल होने के लिए हरिहरपुर गांव गए थे। वहां से देर शाम बिना बताए कहीं चले गए थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी तक शिकायत नहीं मिली है।