टेक्निकल क्वालिटी एजुकेशन इंप्रूवमेंट प्रोग्राम (टिक्विप-3) के तहत रोजगार को बढ़ावा देने के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की एडवाइजरी बोर्ड की पहली बैठक बृहस्पतिवार को आयोजित की गई। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए अतुल गर्ग की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया।
यह समिति रोजगार से जुड़ी इंटर्नशिप को बढ़ावा देने के लिए काम करेगी। साथ ही छात्र-छात्राओं के एप्टीट्यूट को निखारने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर एक टेस्ट आयोजित कराएगा। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं व मल्टीनेशनल कंपनियों द्वारा आयोजित परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।
प्रो. पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय और संबद्ध संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अधिक से अधिक सुलभ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गुणवत्तापरक तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के अवसरों में वृद्धि करना आवश्यक होता जा रहा है।
इसके लिए विश्वविद्यालय इंडस्ट्री और एकेडमिया कोलैबरेशन पर जोर दे रहा है। डीन यूजी प्रो. विनीत कंसल ने कहा कि छात्रहित में हम कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दे रहे हैं।