लखनऊ। अनुसूचित जाति और जनजाति के युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए इलेक्ट्रिशियन और दर्जी ट्रेड में चार महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश की सामूहिक प्रशिक्षण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 25 अक्तूबर तक वेबसाइट msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त उद्योग अभिजीत गौतम ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। साथ ही आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है। इलेक्ट्रिशियन जैसे तकनीकी ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए कम से कम आठवीं पास होना अनिवार्य है। गैर तकनीकी ट्रेड में केवल लिखने-पढ़ने का ज्ञान होना चाहिए।
योजना का लाभ आवेदक या उसके परिवार में से किसी एक को केवल एक बार ही मिलेगा। प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र कैसरबाग में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अनुज कुमार से मोबाइल नंबर 8953042424 पर जानकारी ली जा सकती है।