लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में बीएड को छोड़ सभी विषयों की अस्थायी व स्थायी मान्यता के लिए आवेदन 15 दिसंबर तक लिए जाएंगे। जिन महाविद्यालयों की मान्यता अस्थायी है, उन्हें फिर से आवेदन करना होगा। ऐसा न किया तो वे सत्र 2026-27 में दाखिला नहीं ले सकेंगे।
विज्ञापन
इस संबंध में कुलसचिव भावना मिश्रा ने बुधवार को समयसारिणी जारी कर दी। लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली के अस्थायी मान्यता वाले कॉलेजों के प्राचार्यों को भी इसका ध्यान रखना होगा। कुलसचिव के मुताबिक महाविद्यालयों में चल रहे कई ऐसे विषय हैं, जिनकी मान्यता 30 जून 2026 को समाप्त हो जाएगी। ऐसे में बिना मान्यता नवीनीकरण के कॉलेज सत्र 2026-27 में आवेदन नहीं ले पाएंगे।
आवदेन के बाद जमीन संबंधी अभिलेख सत्यापन 16 दिसंबर से 25 जनवरी तक होगा। शासन स्तर पर अपील निस्तारित करने की प्रक्रिया 20 फरवरी तक पूरी की जाएगी। फिर निरीक्षण मंडल टीम को पांच अप्रैल तक रिपोर्ट देनी होगी। विश्वविद्यालय ऑनलाइन संबद्धता 20 अप्रैल तक देगा। इसके बाद भी 10 मई तक शासन में अपील की जा सकती है। जिस पर निस्तारण प्रक्रिया 31 तक पूरी की जाएगी।