लखनऊ। जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आबकारी विभाग ने शराब व भांग की दुकानों का ई-लॉटरी से आवंटन के चौथे चरण की शुरुआत बृहस्पतिवार से कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत जिले में 104 दुकानों का आवंटन किया जाएगा। इनमें 69 देसी शराब, 28 मॉडल शॉप, एक कंपोजिट शॉप और छह भांग की दुकानें शामिल हैं। इन सभी दुकानों का आवंटन सात मई को ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह सभी दुकानें ई-नवीनीकरण और पूर्व चरणों की लॉटरी के बाद अवशेष एवं नवसृजित श्रेणी में शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया अंतिम तिथि चार मई निर्धारित है। जिला आबकारी अधिकारी करुणेश सिंह ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने के लिए विभाग ने ई-लॉटरी प्रणाली लागू की है। इससे आवंटन में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि सात मई को लॉटरी के जरिये दुकानों का आवंटन कर दिया जाएगा। उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे समय से आवेदन कर सभी नियमों और शर्तों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।