पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन अब 11 मई तक किया जा सकेगा। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने लॉकडाउन की वजह से आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। पहले अंतिम तारीख 20 अप्रैल थी। इसके साथ ही प्रवेश परीक्षा की तारीख में भी बदलाव कर दिया गया है।
प्रवेश परीक्षा पहले 31 मई और एक जून को होनी थी, लेकिन अब 14 और 15 जून को होगी। परिषद के सचिव एसके वैश्य ने बताया कि अब 11 मई तक आवेदन करने के बाद 12 से 15 मई के बीच आवेदन फॉर्म की गलतियां सुधारने का मौका दिया जाएगा। नए कार्यक्रम के अनुसार, ग्रुप ‘ए’ की प्रवेश परीक्षा 14 जून को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक ऑफलाइन होगी।
14 जून को ही ग्रुप ‘ई’ की परीक्षा भी दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच ऑफलाइन होगी। ग्रुप ‘बी’ से लेकर ‘आई’ तक की परीक्षा 15 जून को ऑनलाइन प्रणाली पर सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे के बीच होगी। इसी तरह ग्रुप ‘के’ की सभी परीक्षाएं ऑनलाइन प्रणाली पर दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच होंगी।