लखनऊ। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) योजना के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। इसमें चयनित बच्चे को राष्ट्रपति की ओर से पुरस्कृत किया जाता है। इसके लिए खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कला और सांस्कृतिक नवाचार के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले बच्चे पात्र होंगे। इस योजना में पांच साल की उम्र से लेकर 18 से कम उम्र के बच्चे आवेदन कर सकते हैं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. प्रदीप कुमार की ओर से भी मंडल के जिले सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, हरदोई के अधिकारियों के अधिक से अधिक बच्चों का आवेदन कराने का आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाती है। वह बच्चे आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने दूसरों के लिए कहीं बहादुरी का परिचय दिया हो।
यहां से करें आवेदन
ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल पर https://awards.gov.in/Home/AwardLibrary जाना होगा। अंतिम तिथि 15 अगस्त है। योजना की खास बात ये है कि जरूरी नहीं है कि आवेदन करने वाला बच्चा स्कूल में पढ़ा हो। बस उसने सामाजिक काम किया हो।