भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या की कंपनी यूनाइटेड ब्रेवरेजेज के खिलाफ दाखिल आरोपपत्र खारिज करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में अपील की गई है। इस मामले में गुरुवार को सुनवाई होनी है।
लखनऊ में शराब के बड़े स्टॉकिस्ट अशोक जायसवाल के ग्रुप ने यूनाइटेड ब्रेवरेजेज के स्टेट हेड अखिल शारदा, प्रबंध निदेशक शिखर राममूर्ति, क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद पांडेय के अलावा हिमांशु तिवारी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। कंपनी को जायसवाल ग्रुप को कई ट्रक बीयर की सप्लाई देनी थी। इसके लिए ग्रुप ने कंपनी को करीब 92 लाख रुपये का भुगतान किया था, पर उन्हें माल सप्लाई नहीं किया गया।
इस बाबत पूछने पर टाल-मटोल किया जाता रहा और फिर कहा गया कि जिन ट्रकों पर माल भेजा गया वे माल सहित चोरी कर लिए गए। आरोपियों ने लखनऊ पुलिस में इन ट्रकों के चोरी जाने संबंधी एफआईआर भी दर्ज कराई।