लखनऊ। अनुरुद्ध व अनुज ने 23वीं एल्डिको कप प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की छाप छोड़ते हुए दबदबा बनाया। एसडीएस टेनिस अकादमी की ओर से ला-मार्टीनियर टेनिस फैसिलिटी में आयोजित एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाले टूर्नामेंट में अनुज व अनुरुद्ध ने अंडर-18 बालक एकल में फाइनल में प्रवेश करते हुए खिताबी भिड़ंत तय की।
दूसरी ओर इन दोनों खिलाड़ियों ने पुरुष एकल व युगल वर्ग में भी सेमीफाइनल तक का सफर तय कर लिया। अंडर-18 बालक एकल के पहले सेमीफाइनल में अनुरुद्ध ने अंश सक्सेना को 7-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में अनुज ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में ध्रुव सिंह को 7-5 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। पुरुष एकल में सौरभ, अनुरुद्ध, अनुज व ओम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इस वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सौरभ सिंह ने कड़े मुकाबले में शोभित टंडन को 7-5 से शिकस्त दी। अनुरुद्ध ने मनीष को 7-3 से हराया, जबकि अनुज ने एकतरफा मुकाबले में ऋषि को 7-2 से मात दी। वहीं ओम ने मनु को 7-4 से पराजित कर अंतिम चार में जगह बनाई।
पुरुष युगल के पहले क्वार्टर फाइनल में अनुज और अनुरुद्ध की जोड़ी ने शानदार तालमेल दिखाते हुए अर्णव व प्रणव को 7-4 से पराजित किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में ओम व वरुण की जोड़ी ने आनंद प्रकाश एवं अर्णव श्रीवास्तव की जोड़ी को 7-3 से पराजित किया।