अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल केंद्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री के रूप में सत्ता में साझीदार होने के बाद यूपी की सत्ता में साझेदारी के सपने देख रही हैं। उनका दावा है कि अपना दल उत्तर प्रदेश में बनने वाली अगली सरकार में मजबूत साझेदार होगा।
उन्होंने कहा कि अपना दल के संस्थापक उनके स्वर्गीय पिता डॉ. सोनेलाल पटेल ने यूपी में अपनी सरकार बनाने का जो सपना देखा था, वह उसके बेहद करीब हैं। अनुप्रिया पटेल से कुमार भवेश चंद्र ने विस्तार से बातचीत की। पेश है प्रमुख अंश :
अपना दल ने लोकसभा चुनाव में भाजपा से गठबंधन किया, दो सीटों पर आपकी पार्टी की जीत हुई, आप आज केंद्र में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हैं। मेरा सवाल यह है कि यूपी को क्या मिला?
..स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री के तौर पर यों तो हमारी जिम्मेदारी पूरे देश के लिए है, पर हमने यूपी के लिए कई योजनाओं पर काम शुरू किया है। इनमें से कई काम जल्द ही दिखने लगेंगे।
इनमें से सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी योजना है गोरखपुर में एम्स की स्थापना। हाल ही में प्रधानमंत्री ने इसका शिलान्यास भी कर दिया है। इसकेअलावा हमने पूरे देश में कुल 52 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की योजना बनाई।
इनमें से 5 यूपी को मिलने वाले हैं। बस्ती, फैजाबाद, शाहजहांपुर, फीरोजाबाद और बहराइच में ये कॉलेज खुलेंगे। केंद्र सरकार की अमृत फार्मेसी स्टोर योजना के तहत भी हम यूपी को बड़ा लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।
इसके तहत पहला स्टोर वाराणसी केबीएचयू में खुल गया है। यहां हृदयरोग, कैंसर और दिव्यांगों के लिए उपकरण 70 फीसदी रियायत पर मिलेंगे। जिला हेल्थ सेंटर में 460 वर्गफीट जगह के लिए प्रदेश सरकार से एमओयू की प्रकिया पूरी होने के बाद इस योजना को और विस्तार मिलेगा। अगर हमें प्रदेश सरकार का सहयोग मिला तो यूपी में हम और भी अधिक काम करना चाहते हैं।