विधानसभा की याचिका समिति ने एक नवंबर को होने वाली बैठक में अंसल एपीआई के चेयरमैन सुशील अंसल को मौजूद रहने के लिए कहा है। अंसल एपीआई के खिलाफ शिकायतों की जांच कर रही याचिका समिति की उपसमिति के कई बार बुलाने पर भी अभी तक चेयरमैन खुद सुनवाई में नहीं पहुंचे हैं।
उपसमिति संयोजक व विधायक विनोद कुमार कटियार ने कहा कि सुशांत गोल्फ सिटी में आवंटियों के विवादों के निस्तारण को जरूरी है कि चेयरमैन सुनवाई में शामिल हों। याचिका समिति के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित को भी इससे अवगत करा दिया है।
बताया कि सोमवार को याचिका समिति की बैठक में चेयरमैन के प्रतिनिधि पहुंचे थे। हालांकि, किसी वजह से बैठक टल गई। कटियार ने कहा कि प्रमुख सचिव विधानसभा को भी उन्होंने अंसल एपीआई के चेयरमैन को अगली याचिका समिति की बैठक में बुलाने के लिए कहा है।