लखनऊ। अंसल कंपनी के खिलाफ एक और एफआईआर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज की गई है। पीड़ित ने कंपनी पर भवन दिलाने के नाम पर 4.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
इंदिरानगर ए-ब्लॉक निवासी मुकेश कुमार अग्रवाल के मुताबिक, सितंबर 2013 में अंसल कंपनी के निदेशक सुशील कुमार अंसल और उनके बेटे प्रणव अंसल ने सुल्तानपुर रोड पर हाईटेक टाउनशिप विकसित करने का झांसा दिया था। बताया था कि उक्त प्रोजेक्ट का नक्शा लखनऊ विकास प्राधिकरण से पास है। बुकिंग के लिए लॉटरी पद्धति से भवनों का आवंटन करना पड़ रहा है।
आरोपी पिता-पुत्र की लुभावनी स्कीम के जाल में फंसे मुकेश ने 5.85 लाख रुपये का एलआईजी भवन बुक कराया। बुकिंग के दौरान दो लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा किया था। बाद में अंसल ने दो बार में भवन की कीमत बढ़ाकर 8.40 लाख रुपये कर दी, जिसके बाद पीड़ित मुकेश ने अलग-अलग किश्तों में 4.20 लाख रुपये जमा कर दिए। मगर 12 साल बाद भी पीड़ित को न मकान मिला और न ही रुपये वापस हुए।