CoronaVirus Latest Updates In Hindi: लखनऊ विश्वविद्यालय ने एक दिन की परीक्षा के बाद ही स्नातक की सभी परीक्षाएं दो अप्रैल तक के लिए टाल दी हैं। लखनऊ विवि ने यह फैसला प्रदेश सरकार की ओर से जारी निर्देश के बाद लिया गया है, जिसमें कोरोना वायरस की आशंका के मद्देनजर सभी स्कूल-कॉलेज दो अप्रैल तक बंद करने के लिए कहा गया है।
इससे पहले लविवि ने कोरोना वायरस से बचाव के तहत अपनी कक्षाएं 22 मार्च तक स्थगित कर दी थीं। लेकिन एकेडमी कैलेंडर को देखते हुए अपनी परीक्षा कराने का आदेश जारी किया था। विवि प्रशासन विद्यार्थियों से अपने घरों को लौटने की अपील भी कर रहा है। एक जगह भीड़ न जमा हो इसलिए सेंट्रल मेस भी बंद की जा रही है।
परीक्षाएं कराने के खिलाफ लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएटेड कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (लुआक्टा) ने पहले ही परीक्षा का बहिष्कार कर दिया था। इसके बावजूद लविवि ने 16 मार्च की परीक्षा सम्पन्न कराई थी। इसके बाद नाराज शिक्षक संघ ने मंगलवार को भी बैठक बुलाई थी।
हालांकि इसी बीच प्रदेश सरकार ने निर्देश जारी कर दिया। इसकी वजह से लविवि को अपना फैसला बदलते हुए परीक्षा स्थगित करने का आदेश देना पड़ा। लविवि प्रशासन ने दो स्थगित परीक्षाओं का कार्यक्रम जल्द ही जारी करने की बात कही है।
ं
हॉस्टल छोड़ने की सलाह
लविवि प्रशासन ने छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को घर वापस लौटने की सलाह दी है। विवि ने सुरक्षा के मद्देनजर सेंट्रल मेस बंद करने का भी फैसला किया है। सेंट्रल मेस पर सभी छात्रावास के विद्यार्थी एक साथ भोजन करते हैं। इस वजह से वहां पर काफी भीड़ रहती है। इसको देखते हुए विवि प्रशासन ने सेंट्रल मेस भी बंद करने के लिए कहा है। सेंट्रल मेस बंद होेने की सूरत में विद्यार्थियों को खाने की समस्या होगी। ऐसे में विद्यार्थियों के पास घर जाने का ही विकल्प बचेगा।
पीएचडी प्रवेश परीक्षा भी स्थगित
लविवि ने अपनी पीएचडी प्रवेश परीक्षा भी स्थगित कर दी है। विवि में दो दिन पीएचडी प्रवेश परीक्षाएं हो चुकी हैं। अब बायोकेमिस्ट्री, बॉटनी, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, जियोलॉजी, गणित, फिजिक्स, स्टेटिस्टिक्स, जूलॉजी, एजुकेशन, लॉ और फाइन आर्ट्स की प्रवेश परीक्षा 18 और 19 मार्च को होनी थी। इसका कार्यक्रम जल्द ही जारी करने की बात कही गई है।
जल्द जारी होगा नया कार्यक्रम
प्रदेश सरकार के निर्देश को देखते हुए स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं दो अप्रैल तक स्थगित कर दी गई हैं। स्थगित परीक्षा का कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। - डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक, लविवि