भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे सोमवार सुबह लखनऊ पहुंचे। दो दिवसीय जनजागरण यात्रा के लिए राजधानी आए अन्ना हजारे 11 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह सीधे काकोरी के लिए रवाना हो गए।
लोकपाल और लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर 23 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित सत्याग्रह आंदोलन की तैयारियों के लिए अन्ना जनजागरण अभियान में जुटे हैं।
अन्ना हजारे का कहना है कि देश में लोकपाल और लोकायुक्त की नियुक्त का कानून 2013 में पारित हो चुका है, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी इस पर अमल नहीं किया गया है।
इतना ही नहीं इतने लंबे समय तक कानून को लटकाए रखने की वजह से सरकार की मंशा पर पूरे देश को शक पैदा होने लगा है। सरकार इसके प्रावधानों में संसोधन करके उसके पूरे उद्देश्य को ही समाप्त कर देना चाहती है।
देश में किसानों की बदहाली पर भी अन्ना हजारे ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने सरकार से किसानों की फसालों का उचित मूल्य दिलाने और स्वामीनाथन आयोग की अनुशंसाओं को तत्काल लागू करने की सिफारिश की है।