निवेश के नाम पर किसानों से 40 करोड़ की ठगी की आरोपी अनी बुलियन कंपनी ने प्रदेश में ऐसा जाल बिछाया कि एक के बाद एक लोग झांसे में आते चले गए। किसानों के अनुसार जिले में करोड़ों रुपये की ठगी की घटना को अंजाम देने वाली अनी बुलियन कंपनी के एमडी अजीत गुप्ता की पत्नी निहारिका सिंह भारत के विदेश सेवा में तैनात है।
जाहिर तौर पर उसकी बड़े राजनेताओं के साथ मुलाकात भी होती रहती थी। इनकी तमाम फोटो अजीत गुप्ता के पास थी। अजीत गुप्ता ने इसका भरपूर फायदा उठाया। प्रदेश के कई जिलों में खुले कंपनी के दफ्तरों में बाकायदा राजनेताओं के साथ पत्नी की फोटो लगाई गई थी। जब भी कंपनी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाता तो अजीत गुप्ता की पत्नी निहारिका भी कार्यक्रम में मौजूद रहती थी।
किसान इसी रसूख के झांसे में आकर अपना सब कुछ गवां बैठे। एक अनुमान के मुताबिक कंपनी में करीब पांच सौ करोड़ रुपये का किसानों के साथ ही आम लोगों ने निवेश किया था। जब लोगों ने कंपनी से अपने पैसे मांगने शुरू किए तो एक के बाद एक दफ्तर बंद होने लगे।
मौजूदा समय में अनी बुलियन कंपनी के सभी दफ्तर बंद हो चुके हैं।
लखनऊ के गोमती नगर, अयोध्या जिले के कुमारगंज, महाराजगंज, सुल्तानपुर जिले के कोतवाली नगर और बल्दीराय थाने में कंपनी के एमडी अजीत गुप्ता, राम गोपाल गुप्ता, विष्णु गुप्ता, निहारिका समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज है।