लखनऊ। पिता की डांट से नाराज होकर नाका के कायमखेड़ा निवासी अंश शर्मा (15) ने बुधवार दोपहर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए राजी नहीं थे। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
इंस्पेक्टर नाका श्रीकांत राय ने बताया कि अंश डीएवी कॉलेज में कक्षा-10 का छात्र था। उसके ताऊ अवध राम ने बताया कि भतीजा बुधवार को ठंड के कारण स्कूल नहीं गया था। पिता घनश्याम मजदूरी के लिए गए थे। दोपहर 2:30 बजे मां स्मिता कमरे में पहुंचीं तो बेटे को पंखे से मफलर के सहारे लटका देख चीख पड़ीं। आवाज सुनकर घर के सभी लोग आ गए और अंश को ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज मोतीनगर अंजनी कुमार तिवारी ने बताया की अंश के परिजन उसके शव को ट्रॉमा सेंटर से घर ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
इंस्पेक्टर नाका ने बताया कि अंश की आत्महत्या के कारण के बारे में परिजनों ने कुछ भी नहीं बताया। मोहल्ले वालों से पता चला कि अंश को पिता घनश्याम ने किसी बात पर डांटा था। इसी से आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। परिवार में माता-पिता के अलावा बड़ा भाई आर्यन है।
पिता की तबीयत बिगड़ी
अंश परिवार में सबसे छोटा था और सबका लाडला था। उसकी मौत की खबर के बाद पिता घनश्याम की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला। मां स्मिता का भी रो-रो कर बुरा हाल है।