- अमित हत्याकांड : आश्वासन के बाद शांत हुए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोसाईंगंज। अमित हत्याकांड में अब तक गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को किसान पाथ पर शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस से आश्वासन मिलने पर परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार कर दिया।
सुशांत गोल्फ सिटी के पासिन ढकवा गांव निवासी अमित (20) की बुधवार शाम पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में गांव की नीतू, उसके पिता मनभरन, दादा शत्रोहन व दो नाबालिग भाइयों पर हत्या का केस दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने किसान पथ पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मृतक के पिता रामखेलावन बेहोश होकर गिर पड़े। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस नामजद नीतू से पूछताछ कर रही है।