दुकान में लगी आग से जला सामान व दबंगों की पिटाई से घायल श्रीपाल।
लखनऊ। काकोरी के ग्वालपुर गांव में रविवार दोपहर नाली के पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शिकायत करने पर दबंगों ने परिवार के 10 लोगों को लाठी-डंडों से पीटा। आरोपियों ने जान बचाने के लिए भागे युवक की दुकान में भी आग लगा दी। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। काकोरी पुलिस ने 25 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
ग्वालपुर गांव निवासी श्रीपाल की पोती चंचल ने बताया कि सुबह दीपांशु, श्यामलाल और हिमांशु उनके घर के बाहर नाली का पानी बहा रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने उनकी पिटाई कर दी। चोटिल चंचल ने मामले की शिकायत कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर दोपहर में दीपांशु के पक्ष से भोला यादव, बव्वा यादव, नन्हके यादव, अमरनाथ, गोपाल समेत करीब 25 लोगों ने घर पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने चंचल, श्यामू, श्रीपाल, अस्सी, प्रेम, आराध्या, शिव देवी, चंदन और अमन को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जान बचाने के लिए अमन किसान पथ पर अपनी दुकान में छिप गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और दुकान में आग लगा दी।
सूचना पर पहुंची दमकल ने आग बुझाई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर का कहना है कि 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी भोला, सिद्धू और बव्वा यादव को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अमन का कहना है कि आरोपियों के कारण उनका दो लाख का सामान जलकर राख हो गया।
दुकान में लगी आग से जला सामान व दबंगों की पिटाई से घायल श्रीपाल।
दुकान में लगी आग से जला सामान व दबंगों की पिटाई से घायल श्रीपाल।