प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी संतों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सोमवार को फिर सुलग उठा। टाउनहाल से दशाश्वमेध के लिए निकली साधु-संतों की अन्याय प्रतिकार यात्रा में शामिल लोगों ने जमकर उपद्रव किया।
गोदौलिया चौराहे पर अफवाह के बाद मची भगदड़ में लौटती भीड़ ने पुलिस पर पत्थर चलाए। उपद्रवियों ने पुलिस की तीन जीपें और 25 से अधिक बाइक आग फूंक दीं।
उपद्रवियों को तितर बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। बेकाबू हालात के मद्देनजर चार थाना क्षेत्रों कोतवाली, चौक, लक्सा और दशाश्वमेध में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पथराव में कई पुलिसकर्मियों और साधु-संतों को चोटें आई हैं। लाठीचार्ज में कई पत्रकार भी जख्मी हुए। पुलिस ने कई छायाकारों के कैमरे तक तोड़ दिए।
पुलिस और पब्लिक के बीच गुरिल्ला युद्ध सा नजारा दिखा। कभी भीड़ पुलिस को दौड़ाती नजर आई तो कभी पुलिस हजारों की भीड़ को। हजारों की संख्या में लोगों के सड़क पर उतरने से शहर के हालात अचानक बेकाबू हो गए हैं। कमिश्नर, आईजी, डीएम, एसएसपी सहित सभी मौके पर मौजूद हैं। वहीं गोदौलिया चौराहे के दोनों ओर हजारों का हुजूम भी डटा रहा।