मोहर्रम जुलूस के दौरान मंगलवार को अवध के कई जिलों में जमकर बवाल हुआ। बहराइच व बलरामपुर जिले में अराजकतत्वों ने दुकानों में तोड़फोड़ करने के साथ ही आग लगा दी। कई राउंड फायरिंग भी हुई। पुलिस व पीएसी की मदद से किसी तरह स्थिति पर काबू पाया जा सका।
बहराइच जिले में ताजिये के जुलूस के दौरान रुपईडीहा के परमपुर में कुछ अराजक तत्वों ने एक चाट का ठेला लूट लिया। इसी कहासुनी में दो समुदाय आपस में भिड़ गए। कुछ अराजक तत्वों ने एक व्यक्ति की झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया। जबकि आटा चक्की में तोड़फोड़ की।
पुलिस व पीएसी ने काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया। बौंडी व पयागपुर में भी हंगामा हुआ। बलरामपुर जिले के मथुरा बाजार में मंगलवार को मोहर्रम जुलूस के दौरान धार्मिक स्थल के चबूतरे पर चढ़ने को लेकर दो पक्ष आपस में उलझ गए। अराजकतत्वों ने कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। हवाई फायरिंग भी हुई।
घटना के दूसरे दिन बुधवार को भी बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
ताजिया निकालने को लेकर चले पत्थर
सीतापुर जिले में लहरपुर के नव्वापुर में दो पक्षों में ताजिया निकालने को लेकर दो पक्षों में पत्थर चले। उधर, अमेठी जिले के मुसाफिरखाना के रसूलाबाद के अनभुला गांव में मंगलवार शाम जुलूस के रास्ते में पड़ रहे खूंटे को उखड़वाने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। इसी बीच अराजकतत्वों ने एक व्यक्ति के छप्पर में आग लगा दी।
सुल्तानपुर जिले के चुनहा में भी ताजिए के रास्ते को अवरुद्ध किए जाने के विरोध में लोगों ने डेढ़ घंटे तक कुड़वार-सुल्तानपुर रोड जाम रखी। बल्दीराय कस्बे में अराजकतत्वों ने ताजिया जुलूस पर पत्थरबाजी कर दी। नाराज लोगों ने ताजिया सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।
अंबेडकरनगर के हंसवर में जुलूस के दौरान ढोल बजाने को लेकर कुछ लोगों ने एक युवक पिटाई कर दी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नाराज लोगों ने बुधवार को थाने का घेराव किया। रायबरेली जिले के सरेनी में जुलूस मार्ग पर बने गेट को गिराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गुस्साए लोगों ने ताजिया उठाने से इन्कार कर दिया। बुधवार देर शाम तक बवाल चलता रहा।
हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, 27 झुलसे
सीतापुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। करंट से ताजिये में आग लग गई।
करंट फैलने से 27 लोग चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए। इस दौरान भगदड़ भी मच गई जिससे करीब 50 लोग मामूली रूप से चोटिल हो गए।
प्रशासन-पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच घायलों को आननफानन अस्पताल पहुंचाया। वहीं हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने तहसीलदार सर्वरीति मिश्रा के वाहन पर पथराव कर दिया।