फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल व आगजनी

Mon, 08 Dec 2014 04:16 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मरियमपुर चौराहे पर गेहूं लदे ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत और सात लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद, हादसे से गुस्साई पब्लिक ने जमकर बवाल किया। ट्रक पर पथराव के बाद आग लगा दी और मौके पर पहुंचे एसपी पश्चिम, सीओ नजीराबाद समेत पुलिस और फायर कर्मियों से हाथापाई भी की।
विज्ञापन


ट्रक में लगी आग को बुझाने के लिए मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों पर भी लोगों ने पथराव किया। डायल 100 की इनोवा, सीओ नजीराबाद की गाड़ी और तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के शीशे लोगों ने तोड़ डाले और कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त भी कर दी।

भीड़ ने एसपी पश्चिम हरिशचंदर से भी बदसलूकी और हाथापाई की। गनर ने रोकने की कोशिश की तो भीड़ ने उससे कारइबाइन छीनने का प्रयास किया। हालात बेकाबू होते देख भीड़ पर पानी की बौछार की गई और पुलिस, पीएसी, आरएएफ और स्वॉट टीम (क्यूआरटी) ने लाठीचार्ज करके करीब दो घंटे बाद हालात पर काबू पाया।
विज्ञापन


हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव के मद्देनजर पुलिस, क्यूआरटी और पीएसी को तैनात किया गया है। एसओ नजीराबाद ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया है। मृतक और घायलों के परिजनों की तहरीर आने पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

भागने की कोशिश में कई को कुचला

फजलगंज के बुद्धू वाला हाता निवासी आजाद उर्फ बऊआ (28) रविवार को दोपहर ढाई बजे गोविंद नगर कच्ची मडैय्या निवासी भतीजे वीरेंद्र (24) के साथ बाइक से कमला नगर सिलेंडर लेने जा रहा था। इसी दौरान जेके मंदिर से फजलगंज की ओर आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटर से जा रहे एक दंपति को टक्कर मार दी।

दंपति सड़क पर गिरे यह देख चालक तेज गति से ट्रक लेकर भागा और मरियमपुर चौराहे के पास बऊआ की बाइक को टक्कर मार दी। इससे बऊआ और वीरेंद्र सड़क पर गिरे और ट्रक पहिए के नीचे आ गए।

इसके बाद ट्रक ने मरियमपुर चौराहे के पास रहने वाली रचना (15), पनकी कला की कलावती (46), इनकी छोटी बहन सुमन, मां प्रेमा को टक्कर मार दी। हादसे में बऊआ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि वीरेंद्र का बायां हाथ शरीर से अलग हो गया। कमला समेत अन्य सभी लोग घायल हो गए।

हैलट में भर्ती वीरेंद्र और कमला की हालत नाजुक है। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इधर नजीराबाद पुलिस ने आनन-फानन बऊआ के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
विज्ञापन

पुलिसकर्मी भी पिट गए

इधर मामले की जानकारी मिलने पर वीरेंद्र और बऊआ के परिजन भारी भीड़ के साथ मौके पर पहुंचे और बऊआ का शव मौके पर लाए जाने की मांग करने लगे। पुलिस ने टाल-मटोल किया तो भीड़ आपे से बाहर हो गई और ट्रक पर पथराव करके आग लगा दी।

एसओ नजीराबाद वीरेंद्र यादव, काकादेव शशिभूषण मिश्र और फजलगंज आरके त्रिपाठी ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया तो आक्रोशित लोगों ने पुलिस कर्मियों से मारपीट शुरू कर दी।

थोड़ी देर बाद एसएसपी के. सुनील इमैनुएल, एसपी पूर्वी प्रभाकर चौधरी, एसपी ग्रामीण डॉ. अनिल कुमार मिश्र, एसपी क्राइम देवेश पांडेय, एसआईटी टीम, पीएसी, आरएएफ, क्यूआरटी टीम पहुंची।

इसके बाद फोर्स ने लाठीचार्ज करके हालात पर काबू पाया। पथराव में बाइक सवार अशोक नगर निवासी मुकेश, फायर कर्मी अश्वनी कुमार घायल हो गए। पिटाई से फायर कर्मी प्यारेलाल सोनकर, सीएफओ राकेश राव चुटहिल हो गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें