स्थानीय नगर के गांधीनगर मोहल्ला में एक मां ने अपनी 15 माह की बेटी को गला रेतकर मार डाला। बेटी को मारने के बाद खुद के गले पर भी वार किया, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति राहिल का कहना है कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान है।
सोमवार को क्षेत्र में मतदान था तो वह घर से वोट देने के लिए निकला और बाद में मजदूरी पर चला गया। देर शाम घटना की जानकारी हुई। वहीं, उतरौला के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चुनाव के कारण देर से समय मिला।
धीनगर मोहल्ले में हुई घटना के बाद हर कोई सकते में है। राहिल ने बताया कि उसका घर ऑलमाइटी स्कूल के बगल में है। परिवार में पत्नी नादिया खातून (32) के साथ वह 12 वर्षीय पुत्र मोहम्मद फहरान, पांच वर्षीय पुत्री हाजिरा शहरीन व पंद्रह माह की बेटी किसबा के साथ रहता है। वह रोज की तरह सुबह मजदूरी करने निकल गया था। दोपहर लगभग चार बजे पड़ोसियों से सूचना मिली कि उसके घर में घटना हो गई है। मौके पर पहुंचा तो देखा कि पत्नी गंभीर अवस्था में पड़ी है और बेटी किसबा खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी है। बताया कि पत्नी मानसिक मंदित है, जिसका मनोचिकित्सक से इलाज चल रहा है।
पड़ोसियों ने बताया कि दिन में चार बजे राहिल का पुत्र मोहम्मद शहरान घर से बदहवास चिल्लाता हुआ निकला। कारण पूछने पर बताया कि मां ने मुझे पीटने के बाद छोटी बहन का गला रेत दिया है। बाद में खुद का गला काट लिया है। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंच कर देखा तो किसबा खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। नादिया खातून भी खून से लथपथ गंभीर अवस्था में पड़ी थी। सभासद प्रतिनिधि अबू तोराब ने पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी पहुंचाया।
चिकित्साधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि किसबा की मौत हो चुकी थी। नादिया को गंभीर अवस्था होने से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सीएचसी उतरौला में अपर पुलिस अधीक्षक योगेश व क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार सिंह यादव ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।