लखनऊ। बिजली बिल में राहत पाना चाहते हैं पर रूफटॉप सोलर लगवाने पर आने वाले खर्च की वजह से हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं तो आपके लिए राहत भरी खबर है। अब सिर्फ पांच हजार रुपये खर्च कर एक किलोवाट का सोलर लगवा सकते हैं। बिजली निगम की इस पहल में उपभोक्ताओं को दो किलोवाट तक सोलर लगवाने की सुविधा मिलेगी। हालांकि, इसके लिए 10 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। बाकी रकम की भरपाई सरकार करेगी।
पात्र उपभोक्ता पीएम सूर्यघर योजना में यूएलए मॉडल (यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन) यानी उपयोगिता संचालित एकत्रीकरण के तहत एक या दो किलोवाट का सोलर कम लागत पर लगवा सकते हैं। एक दिसंबर से शुरू हो रही इस सुविधा की जानकारी के लिए बिजली निगम के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नजदीकी बिजली उपकेंद्र, लाइनमैन, मीटर रीडर, जेई से भी जानकारी ले सकते हैं।
कम लागत-उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
एक किलोवाट के सोलर से हर महीने करीब 100 यूनिट बिजली बनेगी। उपभोक्ता को बिजली बिल में 300 रुपये या इससे ज्यादा की बचत होगी। दो किलोवाट के सोलर से प्रतिमाह 200 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इससे एक हजार से 1200 रुपये तक की बचत होगी।
-
सोलर लगवाने से मिलेंगे ये लाभ
- लगभग 25 वर्षों तक बिजली बिल में बचत होगी।
- वेंडर पांच वर्षों से तक सोलर की देखरेख व रखरखाव करेगा।
- नेट मीटर और एक्सपोर्ट-इंपोर्ट की सुविधा रहेगी।
- न इस्तेमाल हुई बिजली के मासिक समायोजन का लाभ भी मिलेगा।
-
एक और दो किलोवाट तक बिजली लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगवाने का अवसर शासन की ओर से दिया गया है। उपभोक्ताओं को तय रकम ही जमा करनी होगी। बाकी राशि सरकार जमा करेगी। यह सुविधा एक दिसंबर से शुरू हो रही है।
- सुशील कुमार गर्ग, मुख्य अभियंता, गोमतीनगर जोन