कोरोना अब लखनऊ में शक्ति भवन तक पहुंच गया है। सोमवार को कल्याणपुर निवासी यहां का कर्मचारी पॉजिटिव मिलने के बाद कार्यालय को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया। वहीं, 25 अन्य मरीजों में सिंचाई विभाग का एक और डायल 112 के छह कर्मचारी हैं। इस पर इसके साथ राजधानी में कुल मरीजों का आंकड़ा 863 पहुंच गया है। इसमें से 659 यहीं के हैं।
राजधानी में कोरोना 14 जून से लगातार 10 से अधिक को चपेट में ले रहा है। सोमवार को मिलाकर डायल 112 के संक्रमित कर्मचारियों की संख्या 12 हो गई है। इसके बाद बिल्डिंग को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया। इस दौरान वर्क फ्रॉम होम और प्रयागराज उपकेंद्र के साथ गाजियाबाद उपकेंद्र से भी काम किया जा रहा है। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। उधर, शक्ति भवन कार्यालय सैनिटाइज भी किया गया।
गीतापल्ली से गोमतीनगर तक संक्रमण
गीतापल्ली में सोमवार को भी दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी तरह नटखेड़ा के तीन, गोमतीनगर के दो और नीलमथा के तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राजाजीपुरम में दो, मोहान रोड में दो और अलीगंज-मवैया का एक-एक मरीज संक्रमित निकला। केजीएमयू में संदिग्ध अवस्था में दो दिन पहले भर्ती कराए गए मरीज की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।
उधर, 20 जून को दम तोड़ने वाले चारबाग के वृद्ध की कोरोना की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। वहीं, 32 मरीज सोमवार को घर लौट गए। ये सप्ताह भ्ार तक होम क्वारंटीन रहेंगे। केजीएमयू से नौ और रामसागर मिश्रा अस्पताल से 23 लोग डिस्चार्ज किए गए।
पीजीआई कर्मचारी का बेटा निकला पॉजिटिव
Coronavirus
- फोटो : Pixabay
पीजीआई की कर्मचारी के 11 वर्षीय बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इस पर मोहनलालगंज के मौरांवा रोड पर रहने वाली महिला घर में ताला डालकर बच्चों के साथ कहीं चली गई। वहीं, जानकारी पाकर पड़ोसी दहशत में आ गए। मोहल्ले के लोगों को जांच होने तक होम क्वारंटीन की सलाह दी है।
मौत के बाद बुजुर्ग की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
लखनऊ। मरीज की मौत के दूसरे दिन कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। चारबाग के ब्लंट एस्क्वायर निवासी 78 वर्षीय भगवान दास को बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। 19 जून की रात लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया। होल्डिंग एरिया में इलाज के दौरान 20 जून को उनकी मौत हो गई। सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सीधे संपर्क वाले चार लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ राजधानी में मृतकों की संख्या 15 हो गई है। इसमें 5 से 22 जून के लिए 11 लोगों की मौत हुई है।
कोरोना से जीतने के बाद हार गई जिंदगी
इंदिरानगर निवासी 62 वर्षीय चंद्रा बाजपेयी को पांच जून को लोहिया संस्थान लाया गया। वह ब्रेन टीबी, किडनी और लीवर से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित थीं। दूसरे दिन कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 जून को दोनों रिपोर्ट निगेटिव आ गई। इस बीच डायलिसिस की गई, लेकिन रविवार को वृद्धा की मौत हाे गई। मीडिया प्रभारी डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि कई अंग एक साथ फेल कर जाने से उनकी मौत हो गई।