बख्शी का तालाब। राजधानी में रविवार को सड़क हादसों में मासूम और दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटनाएं इटौंजा, महिगवां और गोसाईगंज में हुईं।
सीतापुर के खसीपुर निवासी चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि उनके दामाद सीतापुर के बेहटा निवासी राम दुलारे इटौंजा के सिंहामऊ मोड़ के पास एक बिल्डिंग में काम कर रहे थे। वहीं पर बेटी पूनम और आठ माह का नाती अयांश भी था। रविवार शाम पांच बजे काली कार से कुछ लोग बिल्डिंग के सुपरवाइजर से मिलकर लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गेट को तोड़ते हुए बाहर निकल गई। हादसे में पूनम, अयांश और बीकेटी के मामपुर निवासी मजदूर गया प्रसाद घायल हो गए। तीनों को सीएचसी इटौंजा ले जाया गया, जहां से राम सागर मिश्र हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां अयांश को मृत घोषित कर दिया और पूनम व गया प्रसाद को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
उधर, महिगवां में रविवार सुबह दो बाइकों की टक्कर में बरगदी कला निवासी मजदूर निर्मल (18) की मौत हो गई। थानाध्यक्ष शिव मंगल सिंह के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे निर्मल बिना हेलमेट के बाइक से काम पर जा रहे थे। महिगवां में पहाड़पुर के पास हादसे में उनकी जान चली गई।
इसी तरह महानगर निवासी अशोक यादव (40) रविवार शाम करीब आठ बजे बाइक से हैदरगढ़ की तरफ जा रहे थे। तभी गोसाईगंज स्थित रहमत नगर के पास सुल्तानपुर हाईवे पर पीछे से किसी वाहन की टक्कर लगने से वह घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी गोसाईंगंज पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिये पुलिस मृतक के घर पहुंची।