भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह प्रयागराज कुंभ में संगम पर स्नान पर लोकसभा चुनाव से पहले अपने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और हिन्दुत्व के एजेंडे को धार देंगे। इससे पहले शाह 6 फरवरी को एटा में भाजपा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को सम्बोधित कर समाजवादी पार्टी केगढ़ से सपा बसपा गठबंधन को चुनौती देंगे।
सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रयाग कुंभ में स्नान कर साफ्ट हिन्दुत्व की छवि प्रदर्शित कर चुके है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और नवनियुक्त महासचिव एवं यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का भी कुंभ में डुबकी लगाकर अपनी हिन्दू मतदाताओं को संदेश देने की योजना है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश भाजपा नेतृत्व और सरकार को प्रयागकुंभ में स्नान करने की इच्छा जताई है। शाह से बातचीत कर उनका कुंभ में डुबकी लगाने की तिथि तय की जाएगी। भाजपा पदाधिकारी का कहना है कि शाह कुंभ में डुबकी लगाकर प्रयाग की धरती से ध्रवीकरण को धार देने की कोशिश करेंगे।
भाजपा ने ब्रज क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन के लिए समाजवादी पार्टी केगढ़ एटा को चुना है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 6 फरवरी को एटा में ब्रज की 13 लोकसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्षों को सम्बोधित करेंगे।